सनातन विचार ही वह प्रकाश है, जहाँ से जीवन, धर्म और कर्तव्य—तीनों का सत्य प्रकट होता है।

हिंदू धर्म के रक्षार्थ भाई मतिदास,सतीदास और भाई दयाला का अमर बलिदान "


विश्व इतिहास में स्वधर्म, स्वदेश, मानवीय मूल्यों और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वालों में गुरु तेग बहादुर और उनके तीन महान् शिष्यों क्रमशः भाई मतिदास,भाई सतीदास तथा भाई दयाला जी का स्थान अद्वितीय और कालजयी रहेगा । हिंद दी चादर गुरु तेग बहादुर और उनके तीनों शिष्यों ने औरंगजेब के जबरन कन्वर्जन के आदेश को अस्वीकार किया और कश्मीरी हिंदुओं की रक्षा हेतु अपने पुत्र गुरु गोबिंद सिंह के सुझाव पर दिल्ली में सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके बलिदान ने न केवल हिंदुओं की आस्था की रक्षा की, बल्कि उत्तर भारत की जनता में राष्ट्रीय चेतना, उत्सर्ग भावना और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया मंत्र फूंका।

8 जुलाई, 1675 को गुरु तेगबहादुर ने बालक गोबिंदराय (गुरु गोबिंद सिंह) को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया। फिर औरंगजेब के आदेश की प्रतीक्षा किए बिना, दो-तीन दिन बाद ही तीन शिष्यों-भाई मतीदास, भाई सतीदास और भाई दयाल दास को साथ लेकर दिल्ली की ओर रवाना हो गए। चौथे शिष्य भाई गुरदित्ता को उन्होंने पांच पैसे और नारियल देकर आनंदपुर साहिब गुरु-तिलक करने भेज दिया था। लेकिन कुछ मील चलने के बाद 12 जुलाई को रोपड़ के अधिकारी मलिक नूर मुहम्मद ने तीनों शिष्यों के साथ गुरुजी को गिरफ्तार कर लिया। कुछ इतिहासकारों के अनुसार, औरंगजेब ने नवम गुरु की गिरफ्तारी का आदेश तब दिया था, जब वे मालवा और बांगड़ की यात्रा पर थे। बादशाह के आदेश के तहत नवम गुरु और उनके साथियों को पहले सरहिंद भेजा गया, फिर लगभग चार माह बाद पिजड़े में बंद करके उन्हें सल्तनत की राजधानी दिल्ली लाया गया। 

गुरुजी को औरंगजेब के सामने प्रस्तुत किया गया। औरंगजेब ने गुरुजी से इस्लाम कबूलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने शांतभाव से इनकार कर दिया। इस पर मुगल आक्रांता ने पूछा, ‘क्या तुम मौत से भी नहीं डरते?’ गुरुदेव बोले- ‘डर किस बात का?’ 
भय काहू को देत नहीं, 
नहि भय मानत आन ।
और, चिंता ताकी कीजिए,
 जो अनहोनी होय इह मारग संसार में, 
नानक थिर नहि कोय।

यह सुनकर औरंगजेब झल्लाया। उसने खिसियाते हुए कहा, ‘अच्छा, अगर तुम इस्लाम कबूल नहीं करते तो कोई करामात दिखाओ। हम तुम्हें छोड़ देंगे।’ इस पर गुरुजी ने कहा, ‘‘मैं एक साधारण मनुष्य हूं। चमत्कार मेरे हाथ में नहीं, ईश्वर के हाथ में है।’’ 
गुरु और शिष्यों का बलिदान
इस पर तिलमिलाए औरंगजेब ने तीनों शिष्यों को बंदीगृह से बुलवाया। तीनों को चांदनी चौक कोतवाली के सामने चौक पर एक वृक्ष के नीचे लाया गया। भाई मतीदास को गुरुजी के सामने बांधकर आरे से चिरवा दिया गया।भाई दयाल दास को खौलते पानी की देग में डाल दिया गया और भाई सतीदास को रुई में लपेट की जिंदा ही जला दिया गया। यह मुगलिया बर्बरता गुरु तेग बहादुर के सामने ही हुई। लेकिन गुरुजी विचलित नहीं हुए और झुके नहीं। ये महान् बलिदान 9 नवम्बर 1675 से 11 नवम्बर 1675 के मध्य हुए।जब मुगल आक्रांता औरंगजेब किसी भी तरह गुरु तेगबहादुर को धर्म से डिगा न सका तो उसने उनका सिर कलम करने का आदेश दिया।  

महाक्रूर औरंगजेब ने सबसे पहले 9 नवम्बर, 1675 को भाई मतिदास को आरे से दो भागों में चीरने को कहा। लकड़ी के दो बड़े तख्तों में जकड़कर उनके सिर पर आरा चलाया जाने लगा। जब आरा दो तीन इंच तक सिर में धंस गया, तो काजी ने उनसे कहा -मतिदास, अब भी इस्लाम स्वीकार कर ले। शाही जर्राह तेरे घाव ठीक कर देगा। तुझे दरबार में ऊँचा पद दिया जाएगा और तेरी पाँच शादियाँ कर दी जायेंगी।

भाई मतिदास ने व्यंग्यपूर्वक पूछा – काजी, यदि मैं इस्लाम मान लूँ, तो क्या मेरी कभी मृत्यु नहीं होगी ? काजी ने कहा कि यह कैसे सम्भव है। जो धरती पर आया है, उसे मरना तो है ही। भाई जी ने हँसकर कहा – यदि तुम्हारा इस्लाम मजहब मुझे मौत से नहीं बचा सकता, तो फिर मैं अपने पवित्र हिन्दू धर्म में रहकर ही मृत्यु का वरण क्यों न करूँ ?और इस तरह भाई मतिदास ने अपना बलिदान दिया।

भाई दयाला (भाई दयाल दास) को मुगल सम्राट औरंगजेब के आदेश पर उबलते हुए पानी के देग में जिंदा डालकर शहीद किया गया था। एक बड़े देग में सीधा बिठाया गया, फिर उसमें पानी भरकर नीचे आग जलाई गई।उबलते पानी में जलते और उबलते हुए भी,भाई दयाला ने बिना किसी घबराहट के शांत चित्त होकर बैठकर ‘जपजी साहिब’ का पाठ किया और प्रभु का सिमरन करते रहे, फिर प्राणोत्सर्ग किया। इतिहास की दृष्टि से यह दिन 11 नवंबर का था,परंतु सिख इतिहास के अनुसार भाई दयाला का बलिदान भाई सती दास से पूर्व हुआ था।

भाई सती दास जी का बलिदान 10 नवंबर 1675 में दिल्ली के चांदनी चौक में मुगल बादशाह औरंगजेब के आदेश पर हुआ था, जहाँ उन्हें तेल में भीगी हुई रुई में लपेटकर जिंदा जला दिया गया था। उन्होंने इस्लाम धर्म स्वीकार करने से इनकार करते हुए, सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी की आँखों के सामने अत्यंत शांत रहकर गुरबाणी का पाठ करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।


ये बलिदान वास्तव में महान 'चमत्कार' का प्रतिउत्तर थे।जब औरंगजेब और मुगल अधिकारियों ने गुरु जी से कोई चमत्कार दिखाने को कहा, तो गुरु जी ने कहा कि उनके इन तीनों सिखों ने मृत्यु को हंसते हुए गले लगाकर जो धैर्य दिखाया है, वही सबसे बड़ा चमत्कार है।

भाई मतिदास, भाई सती दास और भाई दयाला जी का बलिदान सिख और भारतीय इतिहास में धार्मिक स्वतंत्रता, अदम्य साहस और गुरु के प्रति अटूट समर्पण का सर्वोच्च प्रतीक माना जाता है।इन बलिदानों ने खालसा पंथ की स्थापना की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई इस से ही प्रेरित होकर आगे चलकर 1699 में गुरु गोबिंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना की, जिसने जुल्म और अन्याय के विरुद्ध सशस्त्र प्रतिरोध का इतिहास रचा। ये तीनों शिष्य जन्म से हिंदू परिवारों से थे, जिन्होंने सिख गुरु के आदर्शों के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। इनका बलिदान भारतीय संस्कृति में आपसी भाईचारे और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की साझा विरासत को दर्शाता है।
--------------------------------------
 डॉ.आनंद सिंह राणा, इतिहास संकलन समिति महाकौशल

टिप्पणियाँ