- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
सनातन विचार ही वह प्रकाश है, जहाँ से जीवन, धर्म और कर्तव्य—तीनों का सत्य प्रकट होता है।
प्रस्तुतकर्ता
Deepak Kumar Dwivedi
को
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
मुखर होने का अर्थ ये नहीं कि मर्यादाएं तोड़ दी जाएं।
मुझे एक कथा याद आती है, अहिल्या के पास जाने के लिए इंद्र चन्द्रमा को मुर्गा बनाकर अपने साथ ले गए थे और चन्द्रमा ने बांग देकर गौतम ऋषि को उठा दिया। ऋषि जब गंगा घाट पर पहुंचे और नहाने के लिए लोटा जल में डुबाया तो उसकी आवाज से माँ गंगा की निद्रा में विघ्न पड़ा और उन्होंने गौतम को जोर से डांट दिया कि रात में शोर क्यों करता है। आगे की कथा जगविदित है, पर विषय ये है कि रात को प्रकृति और प्राणियों के लिए भी शयन, आराम और निद्रा का समय होता है।
हम सनातनी, जो चींटी को आटा, कुत्ते को रोटी, गाय को पहला ग्रास देने वाले लोग थे, प्राणियों की संवेदना के लिए कब जागरूक होंगे?
यही तो हम भूल गए। वामपंथियों से लड़ते-लड़ते हम उनके जैसे होते जा रहे हैं। वो शोर करते थे, हम भी शोर करने लगे। वो नदी को एच टू ओ कहते थे, पहाड़ को खान, गाय को मीट। हमने विरोध में नारा तो लगाया कि नदी माँ है, गाय माता है, पर आचरण में हमने भी वही किया - नदी को सिर्फ आरती की फोटो के लिए याद रखा, गाय को पोस्टर के लिए।
हमारी दिवाली क्या थी? घृत होम से छलकती, मलयानिल समीर। आंगन में मिट्टी के दिये, घी की महक, शाकल की सुगंध - यही तो सनातन की पहचान है। दियली की टिमटिमाती निर्वेद लौ, जो हवा से काँपती तो है पर बुझती नहीं, शिकायत नहीं करती - वो जीवन का प्रतिबिंब है।
और हमने उसी समीर में बारूद भर दिया। जैसे हरी दूब पर गर्म कोलतार उड़ेल देना। भारतीय पर्व हवा, पानी और मानव मन के परिमार्जन के लिए गढ़े गए थे, पर अब इन्हें ही परिमार्जन की आवश्यकता है।
मैं ये नहीं कहता पटाखे मत फोड़ो। पराली से ज्यादा प्रदूषण होता है, ये सच है। पर बेरियम इतना ही घोला जाए जितने से आनंद भी आए और हवा उसे बहा ले जाए। और पटाखे दीपावली को चलें लेकिन निश्चित समय के बाद स्वतः बंद हो जाएं। सुबह तक धमाके करना ये तो वही शोर है, वही अतिक्रमण है, जिसके खिलाफ हम खड़े हुए थे।
हिंदुत्व का मूल नदी, हवा, पहाड़, मिट्टी, पशु-पक्षी सबके प्रति करुणा और प्रेम रखना है। हमारी लड़ाई अपने गुण बचाने की भी है, सिर्फ दूसरों को हराने की नहीं।
हमें ध्यान रखना चाहिए कि हम "उनका" विरोध करते-करते उनके जैसे न हो जाएं। वो तो जड़ से उखाड़ना चाहते थे, हम सहेजने वाले लोग हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें