सनातन विचार ही वह प्रकाश है, जहाँ से जीवन, धर्म और कर्तव्य—तीनों का सत्य प्रकट होता है।

सांस्कृतिक प्रदूषण और ‘कल्चरल_मार्क्सिज़्म ’ की मानसिकता-भारतीय परंपराओं पर वैचारिक हमला




भारत वह देश है जहाँ जीवन का हर कार्य– चाहे वह सफ़ाई हो, पूजा हो या भोजन एक संस्कार है। यहाँ सफ़ाई केवल झाड़ू-पोंछा नहीं, बल्कि “अंदर और बाहर दोनों की शुद्धि” का प्रतीक है। दीपावली पर की जाने वाली घर की सफ़ाई इसी सोच से जुड़ी है।
किन्तु आज कुछ मीडिया संस्थान और वैचारिक समूह इसे “महिलाओं की मुसीबत” कहकर प्रस्तुत करते हैं। यह केवल एक शीर्षक नहीं, बल्कि एक मानसिक प्रदूषण है। एक ऐसा दृष्टिकोण जो भारतीय संस्कृति को दोषपूर्ण और पिछड़ा दिखाने का प्रयास करता है। यही सोच “Cultural Marxism” या संस्कृति-आधारित मार्क्सवाद की उपज है।

💥 सांस्कृतिक प्रदूषण क्या है?
जिस प्रकार वायु या जल में अशुद्धियाँ मिल जाने से प्रदूषण होता है, उसी प्रकार जब समाज की मूल विचारधारा में भ्रम, हीनता या विकृति घुल जाए, तो उसे सांस्कृतिक प्रदूषण कहते हैं।

यह प्रदूषण तब पैदा होता है जब–
• अपनी परंपराओं को गलत बताया जाए,
• विदेशी विचारों को बिना विवेक अपनाया जाए,
• और अपने धर्म, उत्सवों व संस्कारों को बोझ या अंधविश्वास कहा जाए।
आज यही प्रदूषण मीडिया, शिक्षा और जनमत के स्तर पर फैलाया जा रहा है। दीपावली की सफ़ाई, करवाचौथ का व्रत, रक्षाबंधन का बंधन– सबको “स्त्री-दमन” या “पितृसत्तात्मक प्रतीक” कह दिया जाता है। जबकि ये सारे पर्व प्रेम, त्याग, कर्तव्य और शुभता के प्रतीक हैं। पश्चिमी विचार को आत्मसात करने के कारण ही वहाँ की विकृति को यहाँ पर परोसा जा रहा है।

💥 #CulturalMarxism की अवधारणा
“Cultural Marxism” 20वीं सदी में जन्मा एक विचार है, जिसने समाज को धर्म, परंपरा और परिवार से काटने का प्रयास किया।
मार्क्स ने कहा था कि समाज का इतिहास “शोषक और शोषित” के संघर्ष का इतिहास है। जब यह आर्थिक क्षेत्र में सफल नहीं हुआ, तब उसके अनुयायियों ने यह विचार संस्कृति पर लागू किया।
अब हर चीज़ को संघर्ष के रूप में देखने की आदत बना दी गई—
• पुरुष बनाम महिला,
• अमीर बनाम गरीब,
• धर्म बनाम स्वतंत्रता,
• परंपरा बनाम आधुनिकता।
इस दृष्टिकोण का लक्ष्य था कि समाज की स्थायी संरचनाओं – जैसे परिवार, धर्म और परंपरा को तोड़ा जाए।

💥 भारतीय समाज पर इसका प्रभाव
भारत जैसे आध्यात्मिक और पारिवारिक समाज में यह विचार बहुत गहरे स्तर पर असर डालता है।
यहाँ जीवन का प्रत्येक पक्ष एक सामूहिक उत्सव है। लेकिन जब इस पर Cultural Marxism की दृष्टि डाली जाती है, तो–
• दीपावली की सफ़ाई = महिलाओं पर बोझ
• करवा चौथ का व्रत = स्त्री की गुलामी
• रक्षाबंधन = भाई का वर्चस्व
• संघ परिवार या राष्ट्रभक्ति = फासीवाद
यह सोच व्यक्ति को अपने ही संस्कारों से अपराध-बोध कराती है। धीरे-धीरे समाज यह मानने लगता है कि उसके मूल्य पिछड़े हैं और पश्चिमी जीवनशैली ही आधुनिकता का प्रतीक है। यही संस्कृति का प्रदूषण है।

💥 मीडिया और शिक्षा में इसका प्रसार
मीडिया का कार्य समाज को जोड़ना होना चाहिए, परंतु आज कुछ मीडिया संस्थान “सांस्कृतिक आलोचना” के नाम पर सनातन विरोध को फैशन बना चुके हैं।
जब दीपावली की सफ़ाई को “महिलाओं की मुसीबत” कहा जाता है, तो यह खबर नहीं, बल्कि एक वैचारिक टिप्पणी होती है।
इसी तरह विश्वविद्यालयों में “जेंडर स्टडीज़” या “सांस्कृतिक अध्ययन” के नाम पर भी परंपराओं को शोषण का केंद्र बताया जाता है।
छात्रों को सिखाया जाता है कि हर सामाजिक रचना– धर्म, विवाह, कर्तव्य– किसी न किसी का उत्पीड़न करती है।
यह सोच भारतीय परिवार और संस्कृति की जड़ों पर प्रहार करती है।

💥 Yuri Bezmenov का चार चरणों वाला मॉडल
सोवियत संघ के पूर्व KGB एजेंट यूरी बेज़मेनोव ने बताया था कि किसी भी राष्ट्र को वैचारिक रूप से तोड़ने के चार चरण होते हैं —
• Demoralization (नैतिकता का ह्रास):-अपनी संस्कृति और धर्म पर शर्म महसूस करवाना।
• Destabilization (अस्थिरता):- परिवार और समाज में विभाजन बढ़ाना।
• Crisis (संकट):- हर संस्था पर अविश्वास पैदा करना।
• Normalization (सामान्यीकरण):- नई विकृत सोच को “प्रगतिशील” बताकर स्वीकार करवाना।
आज भारत में यही प्रक्रिया चल रही है।
परंपरा पर प्रहार, देवी-देवताओं पर व्यंग्य, और “आधुनिकता” के नाम पर पश्चिमी नकल करना, ये सब उसी वैचारिक युद्ध का हिस्सा हैं।

💥  सांस्कृतिक प्रदूषण के दुष्परिणाम
• परिवार विघटन:- जब स्त्री-पुरुष को एक-दूसरे के “प्रतिद्वंद्वी” के रूप में दिखाया जाता है, तो परिवार की एकता टूटती है।
• आस्था पर संकट:- धर्म को अंधविश्वास बताने से नई पीढ़ी में अध्यात्म के प्रति हीनता पैदा होती है।
• मानसिक द्वंद्व:- व्यक्ति आधुनिकता और परंपरा के बीच उलझा रहता है, जिससे आत्मविश्वास कम होता है।
• सामाजिक विभाजन:- हर परंपरा को “शोषण” से जोड़ने से समाज में अनावश्यक तनाव पैदा होता है।

💥 भारतीय दृष्टिकोण- परंपरा का वैज्ञानिक अर्थ
भारतीय परंपराएँ किसी पर थोपे हुए बोझ नहीं, बल्कि जीवन के विज्ञान पर आधारित हैं।
दीपावली की सफ़ाई केवल दिखावे के लिए नहीं, बल्कि यह
• वातावरण को स्वच्छ रखने,
• मानसिक नकारात्मकता हटाने,
• और देवी लक्ष्मी के स्वागत की प्रतीकात्मक तैयारी है।
करवा चौथ, रक्षाबंधन या होली– ये सब पारिवारिक प्रेम, सामाजिक जुड़ाव और मानसिक उत्साह बढ़ाने वाले पर्व हैं।
इनका उद्देश्य किसी का दमन नहीं, बल्कि कर्तव्य, स्नेह और संतुलन सिखाना है।

🌹 सांस्कृतिक पुनर्जागरण
इस प्रदूषण का उत्तर आलोचना नहीं, जागरूकता है।
हमें अपने पर्वों और परंपराओं को आधुनिक शब्दों में, वैज्ञानिक और तर्कपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करना होगा।
• शिक्षा में भारतीय दृष्टिकोण का समावेश:- बच्चों को समझाया जाए कि परंपराएँ क्यों बनीं, उनका मनोवैज्ञानिक और सामाजिक महत्व क्या है।
• मीडिया में सकारात्मक नैरेटिव:- पत्रकारिता केवल आलोचना नहीं, बल्कि परंपरा का सम्मान और सही अर्थ बताने का माध्यम बने।
• संवाद और विवेक:- परिवारों में परंपराओं पर चर्चा हो, ताकि नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ी रहे।

Cultural Marxism की सबसे बड़ी शक्ति है— “शर्म और संदेह”।
और भारत की सबसे बड़ी शक्ति है— “श्रद्धा और विवेक”।
जब हम अपनी परंपराओं को सम्मान की दृष्टि से समझते हैं, तो यह सांस्कृतिक प्रदूषण स्वयं मिटने लगता है।
दीपावली की सफ़ाई यदि बोझ नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और नवप्रेरणा का प्रतीक बने, तो वही भारत की सच्ची प्रगति है।
“संस्कृति को नष्ट करने का सबसे आसान तरीका है। उसे हास्य और तिरस्कार का विषय बना देना।”
और उसका प्रतिकार है। अपनी परंपराओं पर गर्व और उनका विवेकपूर्ण पालन।
दीपावली का संदेश यही है— “अंधकार नहीं, प्रकाश फैलाओ; संदेह नहीं, श्रद्धा जगाओ।” 🪔🌹🙏 #kailash_chandra Kailash Chandra

टिप्पणियाँ