- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
सनातन विचार ही वह प्रकाश है, जहाँ से जीवन, धर्म और कर्तव्य—तीनों का सत्य प्रकट होता है।
प्रस्तुतकर्ता
Deepak Kumar Dwivedi
को
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
रविवार रात्रि ‘जय सनातन भारत - अतुल्य भारत अखंड भारत’ समूह में मनीष ने एक वीडियो साझा किया, जिसने भीतर एक गहरी हलचल पैदा कर दी। उस वीडियो में एक लोकप्रिय वक्ता, आचार्य प्रशांत, बड़े विश्वास के साथ कह रहे थे कि गाय का दूध पीना अनैतिक है और यह हिंसा का रूप है। इस प्रकार के कथन सुनकर मन चकरा गया। यह वही भारत था जहाँ हम अपने बचपन से गाय के दूध को माँ के दूध के बाद सबसे शुद्ध आहार मानते आए हैं। यह वही भूमि है जहाँ भगवान श्रीकृष्ण गोपाल के रूप में प्रकट हुए, जिन्होंने गौ रक्षा को सर्वोच्च कर्तव्य माना। फिर यह कैसे संभव है कि आज हमारे युवा दूध को लेकर संदेह की चादर ओढ़ लें?
यह केवल एक व्यक्तिगत मत नहीं, बल्कि एक गहरे पैमाने पर फैले वैचारिक षड्यंत्र का हिस्सा है। विश्व की बड़ी वैश्विक कंपनियाँ, जो प्लांट-बेस्ड दूध और वीगन उत्पादों की भारी मुनाफाखोरी करती हैं, भारत के विशाल दुग्ध उद्योग को कमजोर करने के लिए वामपंथी संगठनों को वित्तीय सहायता प्रदान करती हैं। उनका उद्देश्य साफ है—भारत के गाँवों की अर्थव्यवस्था और संस्कृति को जड़ से उखाड़ देना, जो सदियों से दूध और गौपालन पर आधारित रही है।
हमारे ऋषि-मुनियों ने दूध को केवल आहार नहीं, वरन् जीवन का अमृत माना। आयुर्वेद की गूढ़ विद्या में दूध को शरीर का पोषण, मन का शांति-स्त्रोत और आत्मा की ऊर्जा बताया गया है। दूध में पाए जाने वाले आवश्यक अमीनो एसिड, केसीन, कैल्शियम, विटामिन और CLA जैसे तत्व वैज्ञानिक शोध द्वारा निरंतर प्रमाणित हो रहे हैं कि ये हमारे स्वास्थ्य की नींव हैं। दूध न केवल मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूती देता है, बल्कि हृदय रोग, मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों से लड़ने में भी मददगार होता है।
दूसरी ओर, प्लांट-बेस्ड दूध जिन्हें वीगन विकल्प के नाम पर बढ़ावा दिया जाता है, वे न तो प्राकृतिक पोषण देते हैं और न ही स्वास्थ्य के लिए पूरी तरह सुरक्षित हैं। इनमें प्रोटीन की कमी, कृत्रिम विटामिन और खनिजों का प्रयोग, और एलर्जी की संभावनाएँ विद्यमान हैं। साथ ही, बादाम या सोया जैसे विकल्प पर्यावरण के लिए भी हानिकारक सिद्ध हुए हैं। फिर भी, इन विकल्पों को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि भारत के परंपरागत दुग्ध व्यवसाय को कमजोर किया जा सके।
यह केवल आर्थिक हमला नहीं, एक सांस्कृतिक आक्रमण है। गाय हमारे लिए केवल पशु नहीं, बल्कि मातृस्वरूप है, जिसमें 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है। वेद, पुराण और महाकाव्यों में गाय की महिमा अपरम्पार है। जब हम गाय के दूध को ही ‘हिंसा’ या ‘अनैतिक’ बताने लगते हैं, तो हम अपनी सांस्कृतिक जड़ों को काटने लगते हैं।
यह तथ्य हमसे छुपाए जा रहे हैं कि भारत में दुग्ध उद्योग लाखों परिवारों की आजीविका का आधार है। अगर दूध के प्रति इस तरह के झूठे नरेटिव सफल हो गए, तो न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था चरमरा जाएगी, बल्कि हमारी सामाजिक और पारिवारिक संरचना भी कमजोर होगी। मनीष जैसे युवा, जो इन झूठे नारेटिव को बढ़ावा देते हैं, शायद अनजाने में ही सही, पर ग्लोबल मार्केट फोर्सेज और कल्चरल मार्क्सवाद के उपकरण बन जाते हैं। वे भावनाओं में बहकर अपनी जड़ों से कटने का कारण बन रहे हैं।
यह आवश्यक है कि हम न केवल दूध की वैज्ञानिक महत्ता को समझें, बल्कि इसे अपने युवाओं तक भी पहुंचाएं। हमें उन्हें बताना होगा कि दूध पीना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह हमारे धर्म, संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान का अभिन्न हिस्सा है। हमें इस झूठे वीगनवाद के नाम पर फैलाए जा रहे षड्यंत्र को समझकर उसका सशक्त विरोध करना होगा।
गाय की रक्षा करना, दूध को अपनाना और इस परंपरा को जीवित रखना केवल व्यक्तिगत विकल्प नहीं, बल्कि राष्ट्रधर्म का पालन है। यह हमारी संस्कृति, हमारी सभ्यता, और हमारे अस्तित्व का प्रश्न है। इसलिए जो लोग दूध के विरुद्ध झूठे प्रचार करते हैं, उन्हें तथ्यों से समझाना और इस वैचारिक युद्ध में पूरी दृढ़ता से खड़ा होना हमारा कर्तव्य है।
भारत की मिट्टी में दूध का महत्व इतना गहरा है कि उसे मिटाने का प्रयास, हमारी आत्मा को मिटाने के समान है। अतः इस लड़ाई में हम सबको अपने धर्म, संस्कृति और विज्ञान के साथ खड़ा होना होगा और दूध के इस अमूल्य योगदान को सभी तक पहुंचाना होगा।
✍️दीपक कुमार द्विवेदी
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें